सरकारी अस्पतालों में नहीं है सुरक्षित नवजात बच्चे, दादी की गोद से बच्चा हुआ चोरी
झारखण्ड के धानबाद जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एसएनएमएमसीएच के स्त्री
एवं प्रसूति रोग विभाग में जन्मे एक नवजात की चोरी हो गई। बच्चा चोरी करने आई महिला दादी की गोद से बच्चा लेकर वहां से चंपत हो गई।
यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। मामले की सूचना पाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची सरायढेला पुलिस जांच में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। फुटेज में बच्चा चुराने वाली महिला और उसके साथी स्पष्ट दिख रहे हैं।
भूली डी ब्लॉक निवासी सरोज यादव की पत्नी गुड़िया देवी प्रसव के लिए मंगलवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराई गई थी। दोपहर लगभग 2.30 बजे गुड़िया ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। जन्म के समय बच्चे का वजन 3.80 किलोग्राम था। प्रसव के बाद नर्स ने सारी कागजी प्रक्रिया पूरी कर बच्चा सरोज की वृद्ध मां राधिका देवी को सौंप दिया। उस समय बच्चे का पिता अस्पताल से बाहर गया हुआ था। राधिका के अनुसार बच्चे को गोद में लेकर वह लेबर रूम के गेट के पास बाहर बैठी हुई थी।दादी के पास में पीले रंग की साड़ी पहनी एक महिला बैठी थी। महिला की उम्र 30-35 साल के आसपास थी। राधिका देवी के अनुसार उस महिला ने पहले बच्चे की तारीफ की और फिर गोद में लेने की इच्छा जताई। एक-दो बार कहने पर राधिका ने बच्चा उसे दिया, जिसे गोद में लेकर महिला वहीं बैठ कर उसे खेलाने लगी। थोड़ी देर बाद राधिका देवी मोबाइल को चार्ज पर लगाने के लिए लेबर रूम में चली गई। वापस आई तो वह महिला और बच्चा दोनों वहां नहीं थे। इसके बाद वृद्धा बच्चे को खोजने लगी।