इंडोनेशिया: जावा सागर में लापता हुए जहाज से 102 यात्री बचाए गए
इंडोनेशिया के जावा सागर में 240 यात्रियों को ले जा रहे लापता जहाज के मामले में राहत और बचाव दल को बड़ी सफलता मिली है।

International; इंडोनेशिया के जावा सागर में रविवार को लापता हुए 240 यात्रियों वाले जहाज के मामले में राहत और बचाव दल को बड़ी सफलता मिली है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, इस हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है।
घटना के तुरंत बाद शुरू किया गया बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है। स्थानीय बचाव दल और प्रशासन बाकी बचे 137 यात्रियों की तलाश के लिए समुद्र में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
दक्षिण कालीमंतन प्रांत की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के पोत में तकनीकी खराबी के चलते संचार व्यवस्था ठप हो गया था।
यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद जहाज से संपर्क कट गया था।
तट से 148 किलोमीटर दूर थी आखिरी लोकेशन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जहाज की अंतिम लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी, जो बंजारमासिन के तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई तात्कालिक सूचना नहीं मिली है और प्राथमिकता जहाज तक जल्द से जल्द पहुंचने की है।
बंजारमासिन बचाव एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि करते हुए कहा कि बचाव कर्मियों और जहाजों को फौरन उस समुद्री क्षेत्र में भेज दिया गया है।



