
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने भगवान राम को लेकर दिया विवादित बयान, कहा – मैं राम को भगवान नहीं मानता
पूर्व सीएम ने एक बार फिर से ब्राह्मण और भगवान राम को लेकर विवादित बयान दिया है। आपको बता दें कि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा है कि वह भगवान राम को नहीं मानते हैं। इसके साथ ही उन्होंने खुद को माता सबरी का वंशज बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड क्षेत्र के लछुआड़ में बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की जयंती और माता सबरी महोत्सव समारोह में छूआछूत की समस्या पर बात करते हुए यह विवादित बयान दिया। उन्होंने खुद को सबरी का वंशज तो बताया मगर उन्होंने यह भी कह दिया कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम एक काल्पनिक पात्र है।
भगवान राम को काल्पनिक बताते हुए जीतन राम मांझी कहा कि राम कोई भगवान नहीं थे बल्कि महर्षि वाल्मीकि और तुलसीदास के काव्य ग्रंथ के महज एक पात्र थे।वह गोस्वामी तुलसीदास और वाल्मीकि के एक काव्य पात्र थे। उन्होंने कहा कि महाकाव्य में बहुत सी अच्छी बात है, उसको हम मानते हैं। अगर आप कहते हैं कि राम को मानते हैं तो यह दोनों बात नहीं चलेगी।